फार्म हाउस में क्रिसमस पार्टी मना रहे सलमान को देर रात सांप ने काटा, आनन-फानन में किया अस्पताल में भर्ती
जैसा की सबको पता ही है कल यानी 27 दिसम्बर को बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान का जन्मदिन होता है, इसे ले कर उनके फैन्स काफी एक्साइटेड थे। मगर इसी बीच सलमान को ले कर एक बुरी खबर सामने आ रही है। इसकी वजह से जन्मदिन की खुशी में डूबे फैन्स को एक गहरा धक्का लग सकता है। फैन्स अपने चहेते सुपरस्टार के लिए काफी चिंतित भी हो गए हैं। दरअसल खबर है कि सलमान खान को एक सांप ने काट लिया है। यह घटना शनिवार और रविवार देर रात की बताई जा रही है। यह घटना सलमान के पनवेल स्थित फार्म हाउस में घटी है। पता चला है कि सलमान यहां क्रिसमस पार्टी सेलिब्रेट करने आये थे, लेकिन यह घटना घट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सांप के काटे जाने के तुरंत बाद सलमान खान को आनन-फानन में नवी मुंबई के कामोठे इलाके स्थित एमजीएम (महात्मा गांधी मिशन) अस्पताल में भर्ती किया गया है। यहीं सलमान खान का इलाज किया गया था। हालांकि कहा जा रहा है कि जिस सांप ने सलमान को काटा वो बिना ज़हर का था। लिहाजा सलमान के लिए अच्छी खबर है कि उनकी सेहत पर इसका कोई असर नहीं पड़ा।
खबरों के अनुसार अस्पताल के प्रारंभिक इलाज के बाद आज सुबह 9 बजे उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज भी कर दिया गया है। फिलहाल अभिनेता अपने फार्म हाउस में वापस लौट आये हैं। कहा जा रहा है कि अब सलमान सामान्य ही महूसस कर रहे हैं। अभी फिलहाल कुछ दिन वे अपने इसी फार्म हाउस में आराम करेंगे। जैसा कि हमने बताया कल उनका जन्मदिन है, ऐसे में अभी यह कहना मुश्किल है कि उनके जन्मदिन का इस बार सेलिब्रेशन कैसा होगा।
गौरतलब है कि बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान को अपना यह पनवेल स्थित फार्म हाउस बेहद ही पसंद है। वे अक्सर अपना खाली समय यही पर बिताना पसंद करते हैं। अभी हाल ही में बॉलीवुड के कई स्टार्स के साथ सलमान खान ने अपने पनवेल स्थित इसी फार्म हाउस में काफी वक्त गुज़ारा था। इस फार्म हाउस की बात करें तो यहां चारों ओर बेहद खूबसूरत हरियाली फैली हुई है। यहां तक कि सलमान ने यहां पर खेती के लिए भी जगह बनाई हुई है। हाल ही में लॉकडाउन के दौरान सलमान अपने फार्म हाउस में धान की खेती करते नजर आए थे।