बॉलीवुड अभिनेत्री मलाइका अरोड़ा इंडस्ट्री की मशहूर अदाकारा में से एक हैं। काम से ज्यादा मलाइका अपने रिलेशनशिप को लेकर चर्चा में बनी रहती हैं। आज मलाइका का नाम अर्जुन कपूर से जोड़ा जाता है। मलाइका और अर्जुन एक दूसरे के साथ क्वालिटी टाइम बिताते नजर आते हैं। हालांकि एक समय ऐसा था जब मलाइका खान परिवार की बहू थीं। उन्होंने सलीम खान के बेटे और एक्टर अरबाज खान के साथ जन्म जन्म साथ रहने की कस्में खाईं थीं। हालांकि उनका रिश्ता काफी लंबे समय के बाद टूट गया।
शादी के 19 साल बाद मलाइका और अरबाज ने अलग होने का फैसला किया था। वहीं शादी से पहले करीब पांच साल दोनों ने एक दूसरे को डेट किया था। ऐसे में 25 साल के रिश्ते को यूं तोड़ना दोनों के लिए ही आसान नहीं था। आज भले ही मलाइका अर्जुन की बाहों में नजर आती हों लेकिन किसी वक्त वो अरबाज की दीवानी थीं। आपको बताते हैं मलाइका और अरबाज की लव स्टोरी के बारे में।
शादी से पांच साल पहले किया था डेट
अरबाज और मलाइका की मुलाकात एक विज्ञापन शूटिंग के दौरान हुई थी। दोनों को साथ में कास्ट किया गया था। मलाइका आज जितनी फिट और खूबसूरत नजर आती हैं सालों पहले उनकी खूबसूरती और भी ज्यादा थी। ऐसे में जब अरबाज ने उन्हें देखा तो उन पर फिदा हो गए। वहीं अरबाज की पर्सनालिटी देखकर मलाइका भी उनकी दीवानी हो गईं।
धीरे धीरे दोनों को साथ में काम मिलता गया तो उनकी नजदीकियां और बढ़ने लगीं। इसके बाद दोनों का अफेयर शुरु हो गया। पांच साल तक दोनों ने डेटिंग की। इसके बाद मलाइका को समझ आ गया कि अरबाज ही वो शख्स हैं जिनके साथ वो सारी जिंदगी बिता सकती हैं। ऐसे में उन्होंने खुद ही आगे बढ़कर अरबाज को प्रपोज कर दिया। जैसे ही अरबाज ने मलाइका का प्रपोजल सुना शादी के लिए हां कर दी।
शादी के लिए मलाइका ने किया था अरबाज़ को प्रपोज
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो अरबाज ने उस वक्त मलाइका से कहा कि डेट और वेन्यू तुम तय करो मैं पहुंच जाउंगा। मलाइका और अरबाज के इस फैसले के बाद दोनों परिवार को इसके बारे में बताया गया। परिवार ने इस रिश्ते पर कोई आपत्ति नहीं जताई। इसके बाद दिसंबर 1998 को क्रिश्चियन और मुस्लिम रीति रिवाज से दोनों ने शादी कर ली।
शादी के बाद उन्हें एक बेटा भी हुआ। मलाइका और अरबाज के रिश्ते ने जीवन में बहुत उतार चढ़ाव देखे। हालांकि शादी के 19 साल बाद दोनों ने एक दूसरे से अलग होने का फैसला कर लिया। जब फैंस को उनके तलाक की बात पता चली तो हर कोई हैरान रह गया। किसी को भी समझ नहीं आ रहा था कि आखिर ये रिश्ता इस मोड़ पर कैसे आ गया।
मलाइका का कहना था कि ये एक दिन में लिया गया फैसला नहीं हैं। उनके लिए इस रिश्ते को तोड़ना आसान नहीं था। इसे बहुत सोच समझकर लिया गया है। इसके बाद दोनों के रास्ते अलग हो गए। हालांकि अपने बेटे के लिए मलाइका और अरबाज को पैरेंटिंग करते हैं। तलाक के बाद जहां मलाइका अर्जुन के करीब आ गईं तो वहीं अरबाज जॉर्जिया एंड्रियानी को डेट कर रहे हैं। अपने इस नए रिश्ते में दोनों बेहद खुश नजर आते हैं।